जलापूर्ति योजनाओं का सुचारू संचालन एवं जल की उपलब्धता सुनिश्चित करे-उपायुक्त
साहिबगंज(झारखंड)
प्रखंड के हाजीपुर पश्चिम पंचायत स्थित आर्सेनिक प्रभावित गांव डिहारी में निर्मित चार ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं का शनिवार को उपायुक्त हेमंत सती ने विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त श्री सती ने बताया कि डिहारी ग्राम में दो किलोमीटर दूर स्थित रक्सी स्थान से पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने सभी योजनाओं के सुचारू संचालन एवं जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिये।

जल गुणवत्ता परीक्षण अनिवार्य
उपायुक्त श्री सती ने निर्देश देते हुए कहा की प्रत्येक माह सभी जलापूर्ति योजनाओं का जल गुणवत्ता परीक्षण अनिवार्य रूप से की जाय।साथ ही ग्रामीणों से जल संयोजन राशि एवं मासिक जलकर संग्रहित किया जाय। ताकि योजना की मरम्मति एवं पाँच वर्ष की संपोषण अवधि के उपरांत भी जलापूर्ति व्यवस्था निरंतर जारी रह सके।
संकलित राशि खाते में जमा की जाय
उपायुक्त श्री सती ने कहा की संकलित जलकर राशि ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के खाते में जमा की जाय। जिससे योजनाओं के सुचारू संचालन में सहूलियत हो सके।उन्होंने ग्रामीणों से अपील रते हुए कहा की वे अपने घरों में जल संयोजन अवश्य लें एवं समय-समय पर जलकर जमा कर योजना के दीर्घकालिक संचालन में सहयोग करें।
ये भी थे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता, जल जीवन मिशन के जिला समन्वयक तथा उपमुखिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।








