डीसी की अध्यक्षता में SIR एवं बूथ लेवल एजेंट (BLA) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक
राजनीतिक दलों को दी गई प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी, पारदर्शिता पर दिया विशेष जोर
साहिबगंज(झारखंड)
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में शुक्रवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में SIR (Special Integrated Revision) एवं बूथ लेवल एजेंट (BLA) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।उपायुक्त ने बैठक की शुरुआत में स्पष्ट किया कि यह बैठक आगामी निर्वाचन अभ्यास के क्रम में होने वाले SIR की प्रक्रिया को समझाने और उससे संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करने हेतु आयोजित की गई है।
क्या है SIR और क्यों है महत्वपूर्ण
उपायुक्त श्री सती ने जानकारी दी कि SIR एक विशेष समेकित पुनरीक्षण प्रक्रिया है, जो सामान्य Special Summary Revision (SSR) से अलग है। SIR के तहत साल 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नाम, और उपलब्ध 12 विभिन्न प्रकार के सरकारी दस्तावेज के आधार पर पात्र मतदाताओं की पहचान की जाती है।इसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना, संदिग्ध प्रविष्टियों की जाँच करना, तथा पात्र नागरिकों को सही रूप से मतदाता सूची में शामिल करना है।
BLA की भूमिका पर दिया गया जोर
बैठक के दौरान जिला प्रशासन द्वारा राजनीतिक दलों को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक बूथ पर अपने Booth Level Agent (BLA) को नामित करें।उपायुक्त ने कहा कि BLA की सक्रिय भागीदारी से SIR कार्य में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा किसी भी प्रकार की गलतफहमी और समस्या से बचा जा सकेगा।
प्रक्रिया को समझने और सहयोग की अपील
उपायुक्त श्री हेमंत सती ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा की मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है और SIR के माध्यम से हम इसे और अधिक सटीक बनाने की दिशा में कार्यरत हैं।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी दल SIR की प्रक्रिया को सही तरीके से समझें और इस कार्य में सहयोग दें।
समय पर BLA सूची उपलब्ध कराने का निर्देश
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों (BLA) की सूची समय पर उपलब्ध कराएँ, ताकि SIR प्रक्रिया सुचारू रूप से और समय पर संचालित हो सके।
ये भी थे उपस्थित

बैठक में उपर समाहर्ता गौतम भगत, उपनिर्वाचक पदाधिकारी सुनीता किस्कू, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार एवं सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।








