झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर, प्राकृतिक संपदा और युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत-सांसद
पाकुड़(झारखंड)
जिला प्रशासन द्वारा शहर के रविंद्र भवन में शनिवार को झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस तथा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में रजत जयंती समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, जिला योजना पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएँ,शिक्षक–शिक्षिकाएँ, विभिन्न विभागों के कर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी की उत्साहपूर्ण भागीदारी से रजत जयंती समारोह यादगार बन गया।

स्कूली बच्चों का सराहनीय प्रयास
समारोह की शुरुआत वीआईपी रोड से हुई।जहाँ मुख्य अतिथियों का पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति के साथ स्वागत किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा तैयार आकर्षक रंगोलियाँ राहगीरों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं रही । इन रंगोलियों में झारखंड की जनजातीय संस्कृति, प्रतीक, परंपराएँ और राज्य की विशिष्ट पहचान का सुंदर चित्रण किया गया। सांसद एवं उपायुक्त ने रंगोलियों का अवलोकन कर बच्चों के प्रयास की सराहना की।
दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद विजय कुमार हांसदा, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी एवं सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उनकी वीरता, बलिदान और आदिवासी समाज को नेतृत्व प्रदान करने वाली महान विरासत को नमन किया गया।
झारखंड के निर्माण में सहभागी बनने की अपील
उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलावासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दिन झारखंड की संघर्षमयी यात्रा, गौरवपूर्ण इतिहास और उपलब्धियों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्थापना के 25 वर्ष पूरे होना राज्य की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। जो हमें विकास को गति देने, जनकल्याण को प्राथमिकता देने एवं पारदर्शी प्रशासन के लिए संकल्पित करता है। उन्होंने सभी से समृद्ध, विकसित और सौहार्दपूर्ण झारखंड के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
संघर्ष की विरासत और शांति और सद्भाव बनाए रखने की जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हमें स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के प्रति कृतज्ञ होने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि उनकी संघर्ष भावना और मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांस्कृतिक धरोहर, प्राकृतिक संपदा और युवा शक्ति झारखंड की ताकत
राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस राज्य की गौरवशाली पहचान, समृद्ध संस्कृति और संघर्षपूर्ण इतिहास को स्मरण करने का पावन अवसर है। यह दिन विकास, सामाजिक उत्थान और जनकल्याण की दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर, प्राकृतिक संपदा और युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है, जिन्हें संरक्षित रखते हुए समृद्ध और सशक्त झारखंड का निर्माण किया जा सकता है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह ने बढ़ाया उत्साह
इस क्रम में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा झारखंडी लोकनृत्य, गीत तथा राज्य की विकास यात्रा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर अलग राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के कर्मियों तथा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।









