झारखंड आंदोलनकारियों एवं जननायकों की कर्मभूमि है-उपायुक्त

साहिबगंज(झारखंड)
झारखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष तथा उलगुलान के महानायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के शुभ अवसर पर शनिवार को सिद्धो कान्हू सभागार में भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के छात्र–छात्राएँ, ग्रामीण जनता तथा मीडिया कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। इसक्रम में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय पोखरिया एवं कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय साहिबगंज की छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम में सर्वप्रथम उपस्थित अतिथियों एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प सुमन अर्पित किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय पोखरिया की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया।
झारखंड के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग दें
उपायुक्त हेमंत सती ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की यह पावन भूमि सदैव महान विभूतियों, आंदोलनकारियों एवं जननायकों की कर्मभूमि रही है।पिछले 25 वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।उन्होंने राज्य के बजट में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि सरकार ने जनकल्याण, ग्रामीण विकास, पर्यटन, सामाजिक सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है।जैसे मइया सम्मान योजना,वृद्धजन एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन,ग्रामीण विकास एवं आजीविका कार्यक्रम,जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम पायदान तक विकास सुनिश्चित किया है।साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों से आग्रह किया कि वे आगामी वर्षों के लिए विकास के नए रोडमैप पर मंथन करें और झारखंड के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग दें।
राज्य ने विकास के कई स्वर्णिम अध्याय जोड़े हैं
उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने कहा कि झारखंड संघर्ष, स्वाभिमान, संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक मूल्यों की पवित्र भूमि है।उन्होंने राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना एवं जनजातीय कल्याण के क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में राज्य ने विकास के कई स्वर्णिम अध्याय जोड़े हैं।महिलाओं के उत्थान हेतु राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रहीं योजनाएँ जैसे मईयां सम्मान योजना, सखी मंडल सुदृढ़ीकरण, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री लक्ष्मी योजना तथा कौशल/उद्यमिता कार्यक्रम तथा सामाजिक परिवर्तन की नई धारा को स्थापित कर रही हैं।

झारखंड निरंतर विकास पथ पर अग्रसर
जिला परिषद अध्यक्षा मोनिका किस्कू ने उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह दिवस झारखंड की अस्मिता, संघर्ष और गौरव की याद दिलाता है।उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा हेतु महान लड़ाई लड़ी।कहा कि झारखंड अपनी सांस्कृतिक धरोहर, प्राकृतिक संसाधनों और जनजातीय विरासत के साथ निरंतर विकास पथ पर अग्रसर है।
युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड ने 25 वर्षों में शून्य से शुरुआत कर महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में उद्योगों, कंपनियों और रोजगार अवसरों के बढ़ने से राज्य का आर्थिक सशक्तिकरण और अधिक मजबूत होगा।उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
आत्मसम्मान व स्वाभिमान की विराट यात्रा का प्रतीक है
विधायक महोदय ने समस्त झारखंड वासियों को झारखंड स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दिवस केवल वर्षगाँठ नहीं, बल्कि संघर्ष, आत्मसम्मान व स्वाभिमान की विराट यात्रा का प्रतीक है।उन्होंने प्रदेश के महान नायकों क्रमशः विनोद बिहारी, जयपाल सिंह मुंडा सहित सभी आंदोलनकारियों को नमन किया।कहा कि सभी को मिलकर एक समृद्ध व खुशहाल झारखंड के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।उन्होंने अपने वक्तव्य का समापन “झारखंडी जोहार” के साथ किया।
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास एवं उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कुल 230 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिसकी राशि ₹9507.742 लाख है।साथ ही 129 पूर्ण योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जिसकी कुल राशि ₹2710.169 लाख है।इन योजनाओं में ग्रामीण विकास, विशेष प्रमंडल, नगर परिषद, जिला परिषद, NREP,I.T.D.A., समाज कल्याण विभाग, गंगा पंप नहर सहित विभिन्न विभाग शामिल हैं।
नियुक्ति पत्र एवं लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 15 सेविका एवं सहायिका को नियुक्ति पत्र वितरण, 6172 लाभुकों को अबुआ आवास योजना अंतर्गत गृह प्रवेश,JSLPS के माध्यम से 671 लाभुकों को 106.730 लाख रूपये का चक्रीय निधि एवं सामुदायिक निवेश निधि का लाभ, मिनी डेयरी योजना अंतर्गत 75% अनुदान पर 4 लाभुकों को दुधारू गाय/भैंस हेतु कुल 2.700 लाख रुपया सहायता राशि दी गई।इसके अलावे चार लाभुकों को गेहूं बीज विनिमय वितरण का लाभ दिया गया।कृषि यांत्रिकरण योजना के तहत137 लाभुकों को मिनी ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्र कुल 30.600 लाख रुपया,PM-FME योजना अंतर्गत5 लाभुकों को कुल 40 लाख रुपया की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।मुख्यमंत्री मंइया सम्मान योजना के तहत 5 लाभुकों को स्वीकृति दी गई।सर्वजन पेंशन योजना के तहत 5 लाभुकों को स्वीकृति दी गई।वंही आयुष्मान कार्ड 3 लाभुको के बीच वितरण किया गया।इसके अलावे मधुमक्खी पालन योजना के 20 लाभुक,ग्रीन कार्ड योजना के 5 लाभुक,6 लाभुको को निबंधन कार्ड वितरण,वेदव्यास आवास योजना के के तहत 17 लाभुक के बीच कुल 32.500 लाख रुपया तथा कुल योजना के 7069 लाभुकों के बीच कुल 1187.105 लाख रुपया की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा अलग झारखंड राज्य गठन आंदोलनकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जिला के विकास से संबंधित बनाई गई वीडियो क्लिप को प्रदर्शित किया गया।जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।








