घाट का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में किया गया
साहिबगंज(झारखंड)
भगवान बिरसा मुंडा गंगा घाट का शिलान्यास शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा डिजिटल माध्यम से किया गया। जिले के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती द्वारा स्थल पर विधिवत भूमिपूजन किया गया। मौके पर मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।प्रस्तावित घाट गंगा रिवर थाना के पश्चिम में निर्माण किया जाना है और इसे समुदायिक उपयोग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा गंगा से जुड़ी गतिविधियों के लिए एक समर्पित सार्वजनिक स्थल के रूप में निर्माण किया जाएगा।

99.245 लाख रुपये लागत से बनेगी योजना
घाट का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में किया गया है, जिससे यह परियोजना सांस्कृतिक विरासत और रजत समारोह से जुड़ती है।जानकारी के अनुसार हाल ही में आयोजित नमामि गंगे परियोजना बैठक में उपलब्ध भूमि, स्थानीय आवश्यकताओं और विस्तृत रिवरफ्रंट डेवलपमेंट की समीक्षा के बाद शिलान्यास की तिथि तय की गई। जिससे परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया सुगम हुई। परियोजना की अनुमानित लागत 99.245 लाख रुपये निर्धारित है।

घाटो की स्वच्छता सभी की साझा जिम्मेदारी
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 8 नवंबर से सप्ताहभर तक डॉल्फिन संरक्षण-सह-वृहत गंगा स्वच्छता अभियान भी आयोजित किया गया। चुनिंदा घाटों पर साफ-सफाई और संक्षिप्त जागरूकता कार्यक्रम हुए। जिनमें लोगों को याद दिलाया गया कि घाट सामुदायिक संपत्ति हैं और इनकी स्वच्छता सभी की साझा जिम्मेदारी है।







