छापेमारी में नहीं मिला कोई आपत्तिजनक सामान
पाकुड़(झारखंड)
सोमवार देर रात उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी के नेतृत्व में कई थानों की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मंडल कारा में विशेष औचक छापेमारी अभियान चलाया गया।
विस्तार से किया गया निरिक्षण
इस क्रम में पुरुष तथा महिला कैदी सेल, कैदी अस्पताल, रसोईघर सहित मंडल कारा के सभी महत्वपूर्ण वार्ड और स्थानों का विस्तार से निरीक्षण अधिकारियों और पुलिस बल द्वारा किया गया। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक, प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ और नियंत्रित रहने की पुष्टि होती है। तलाशी अभियान के दौरान कारा अधीक्षक भी उपस्थित रहे।
कोई अवैध गतिविधि नही आई सामने
निरीक्षण के उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी श्री मरांडी ने बताया कि यह कार्रवाई जेल में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा के उद्देश्य से की गई। निरीक्षण में सभी वार्ड नियम-संगत पाए गए तथा किसी प्रकार की कोई अवैध गतिविधि सामने नहीं आई। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कैदियों से बातचीत भी की, जहां किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। जेल परिसर की साफ-सफाई, अस्पताल व्यवस्था, भोजन व्यवस्था और अन्य सुविधाएं संतोषजनक तथा मानकों के अनुरूप पाई गईं।








