बाल श्रम उन्मूलन पर जिला टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
पाकुड़(झारखंड)
उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में रविवार को समाहरणालय सभागार में बाल श्रम उन्मूलन हेतु गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रम अधीक्षक द्वारा जिले में संचालित बाल श्रम उन्मूलन संबंधी गतिविधियों की विस्तृत अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई।इस दौरान उपायुक्त श्री कुमार ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रखंडों में नियमित रूप से बाल श्रम उन्मूलन तथा जागरूकता अभियान संचालित की जाय। साथ ही श्रम अधीक्षक एवं बाल संरक्षण पदाधिकारी को इन अभियानों की सतत निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बाल श्रम पर रखे विशेष नजर
उपायुक्त श्री कुमार ने कहा कि बाल विवाह किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इस पर पूर्ण रोक लगाने हेतु बाल संरक्षण पदाधिकारी तथा सभी थाना प्रभारी को नियमों का कठोर अनुपालन करते हुए अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने क्षेत्राधिकार में भ्रमण के दौरान बाल श्रम की स्थिति पर भी विशेष नजर रखें तथा कहीं भी बच्चे काम करते पाए जाने पर इसकी सूचना तुरंत श्रम अधीक्षक को दें।
रेलवे स्टेशन पर रखे विशेष सतर्कता
उपायुक्त श्री कुमार ने चाइल्ड लाइन को निर्देश देते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन पर यदि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चे बिना अभिभावक के समूह में दिखाई दें तो, उनसे संवाद कर उनकी स्थिति की जानकारी ली जाए। संदेह होने पर तत्काल श्रम अधीक्षक एवं रेल पुलिस को सूचना दी जाए।कहा कि बाल श्रम और बाल विवाह दोनों गंभीर सामाजिक अपराध हैं। इनकी रोकथाम के लिए प्रशासन, समाज तथा सभी जिम्मेदार संस्थाओं के बीच घनिष्ठ समन्वय अत्यंत आवश्यक है।








