गैस डिस्ट्रीब्यूटरों के मनमानी पर लगेगा अंकुश
साहेबगंज(झारखंड)- सहकारिता विभाग, आपूर्ति विभाग एवं जिला स्तरीय सतर्कता समिति की समीक्षात्मक बैठक उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक के दौरान उपायुक्त श्री सती ने जिले में 15 गैस डिस्ट्रीब्यूटरों द्वारा मनमाने ढंग से गैस सिलेंडर की बिक्री किए जाने की शिकायतों पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की और इस पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले घरेलू गैस कनेक्शन, कॉमर्शियल कनेक्शन तथा सब्सिडी के सत्यापन को लेकर विभागीय स्तर पर कड़ाई से जांच की जाए।
अवैध भंडारण पर करे कारवाई
कहा कि जिले में अवैध गैस विक्रेताओं और अवैध भंडारणकर्ताओं की पहचान कर तुरंत छापेमारी अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर अवैध भंडारण में किसी डिस्ट्रीब्यूटर की एजेंसी के सिलेंडर पाए जाते हैं, उन एजेंसियों पर भी प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समय पर मिल सके योजनाओं का लाभ
आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राशन कार्ड डिलेशन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि शेष बचे लाभुकों के डिलेशन कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
ये भी थे उपस्थित
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला सहकारिता पदाधिकारी (मुख्यालय) पवन कुमार, सहित विभिन्न प्रखंडों के गोदाम प्रबंधक एवं गैस एजेंसी प्रबंधक उपस्थित रहे।








