---Advertisement---

जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश

On: Sunday, July 20, 2025 1:49 AM
---Advertisement---

पाकुड़(झारखंड) : शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई।पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार समीक्षा की गई और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित कार्यों की प्रगति, बुनियादी सेवाओं की उपलब्धता और जन समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुँचे, यह सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

सड़कों को जल्द दुरुस्त करे

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि जिले में बनी सड़कों की स्थिति बरसात में खराब हो गई है। सभी सड़कों को दुरुस्त करने और धीमी गति से चल रहे कार्यों का प्रतिवेदन उपायुक्त को देने का निर्देश दिया गया। बिजली विभाग की समीक्षा के क्रम में उन्होंने जानकारी ली कि कितने घरों में बिजली और सोलर लाइट उपलब्ध कराई गई है तथा कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने का निर्देश

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा में सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में 20 एम्बुलेंस संचालित हैं। सांसद ने एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में तीन सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस संचालित हैं। सांसद ने सभी प्रखंडों में एक-एक सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का प्रस्ताव भेजने को कहा।

योजनाओं की समीक्षा

उन्होंने निर्देश दिया कि बरसात के मौसम में क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत की जाए। इसके अलावा मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डिजिटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकीकरण, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि सभी योजनाओं को समय पर पूरा किया जाए और शिलान्यास एवं क्रियान्वयन की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी दी जाए ताकि कार्य गुणवत्तापूर्ण हो सके।

सभी निर्देशों का अनुपालन हो

उपायुक्त मनीष कुमार ने आश्वस्त किया कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पाकुड़ जिला कई मापदंडों में अव्वल है और 2025 की बोर्ड परीक्षा में राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।सांसद ने कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन अगली बैठक से पूर्व शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

परिसंपत्तियों और स्वीकृति पत्र का वितरण

बैठक के दौरान सांसद विजय कुमार हांसदा, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, पाकुड़ विधायक निसात आलम, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चन्द्रा, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणी हेम्ब्रम ने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और स्वीकृति पत्र का वितरण किया।अबुआ आवास योजना के तहत पाकुड़ प्रखंड की नाजीफा खातुन और हाफीजा बीबी, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत फारुक शेख और अकतारुल हक, पीएम जनमन के तहत कालीसतीका पहाड़िन और रीता पहाड़िन को गृह प्रवेश की चाबी सौंपी गई। सोना सोबरन धोती साड़ी योजना के अंतर्गत दो लाभुकों को धोती-साड़ी दी गई। भूमि संरक्षण विभाग ने एक लाभुक को मिनी ट्रैक्टर दिया। वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना, सेविका-सहायिका नियुक्ति पत्र, जेएसएलपीएस अंतर्गत 42 एसएचजी को प्रथम क्रेडिट लिंकेज और 66 दीदियों को संवर्धन क्रेडिट लिंकेज के तहत कुल 2 करोड़ 70 लाख रुपये के डमी चेक का वितरण किया गया। इसके अलावा सामुदायिक वनपट्टा और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत भी लाभुकों को वितरण किया गया।

ये भी थे उपस्थित

बैठक में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, पाकुड़ विधायक निसात आलम, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणि हेम्ब्रम, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, सिविल सर्जन सुरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजूर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, सभी प्रखंड प्रमुख, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, विधायक प्रतिनिधि और अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment