उपायुक्त ने की विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
मॉडल कॉलेज के छात्र उठा पायेंगे अब पुस्तकालय का लाभ
राजमहल से कुमार अरविन्द की रिपोर्ट

राजमहल(झारखंड): मॉडल कॉलेज राजमहल के पुस्तकालय को एक नई दिशा और समृद्धि प्रदान करते हुए साहिबगंज के उपायुक्त (डीसी) द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास , प्रतियोगिता परीक्षा हेतु अनेक उपयोगी पुस्तकें भेंट की गईं। यह प्रेरणादायी पहल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की विशेष अनुरोध और प्रयासों का परिणाम बताया गया है। डीसी श्री सती ने पुस्तकें प्रदान करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के क्षेत्र में उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में यह कदम बताया।
पुस्तक से बढ़कर कोई साथी नहीं
इधर प्राचार्य डॉ. सिंह ने महाविद्यालय परिवार की ओर से डीसी श्री सती को पत्र लिखकर उसने प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि,पुस्तक जीवन की सच्ची मित्र होती है। इसे पढ़ना और अपनाना हमें सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थी जीवन में पुस्तक से बढ़कर कोई साथी नहीं होता। प्राचार्य डॉ. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन शीघ्र ही विश्वविद्यालय की कुलपति महोदया उपायुक्त तथा कुलसचिव की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को पुस्तकालय से अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित करेगा। इधर इस सराहनीय प्रयास पर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के कुलपति, कुलसचिव ने उपायुक्त को धन्यबाद दिया तथा और डॉ . सिंह के इस प्रयास की प्रशंसा की और इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
विद्यार्थियों में उत्साह
पुस्तकों के आगमन से कॉलेज के विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखी गई। उन्होंने डीसी और प्राचार्य महोदय का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ये पुस्तकें उनके अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगी। छात्रों का पुस्तकालय कार्ड बनाकर दिया जाएगा । पुस्तक अवलोकन के क्रम में प्राचार्य के साथ पुस्तकालय प्रभारी डॉ अमित कुमार , शिक्षक डॉ रमजान अली, डॉ विवेक कुमार महतो दंडाधिकारी भैया बेसरा, कर्मी मोहन कुमार, जयकर , पुस्तक सहायक सुमित कुमार , बबलू हेम्ब्रम , राहुल कुमार व विद्यार्थी राहुल वैभव , श्रृष्टि , दीप्ति आदि उपस्थित थे।