भागलपुर से भरत पोद्दार की रिपोर्ट
भागलपुर(बिहार) मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर सभी योग्य मतदाताओं को जागरूक करने हेतु जीविका दीदियों द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके लिए सभी जीविका दीदियों, सामुदायिक कार्यकर्ताओं और कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।जिले के सभी प्रखंडों में जीविका के सभी संकुल स्तरीय संघों (सीएलएफ) में जीविका दीदियों एवं सामुदायिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान मतदाता सूची में योग्य मतदाताओं को नाम जुड़वाने हेतु प्रपत्र भरने एवं इसके साथ संलग्न किये जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। इस्माईपुर प्रखंड में नारी संघर्ष जीविका संकुल स्तरीय संघ में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी, इस्माईलपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित जीविका के सामुदायिक कैडर को मतदाता सूची पुनरीक्षण के बारे में जानकारी दी।
चलाया जायेगा जागरूकता अभियान:
जीविका दीदियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रपत्र भरने एवं इसके साथ संलग्न किये जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी गई। इसी तरह कहलगांव, बिहपुर, सबौर सहित सभी प्रखंडों में जीविका दीदियों को इस बारे में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षित जीविका दीदियों के द्वारा अब घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इससे योग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी। मतदाताओं द्वारा भरे जाने वाला आवदेन बीएलओ द्वारा संग्रहित करते हुए इसे बीएलओ ऐप पर अपलोड किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के निर्देश के आलोक में जिले में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए सभी विभागों के कर्मियों एवं कार्यकर्ताओं को इस अभियान के बारे में प्रशिक्षित किया गया है।
किया जा रहा है सर्वेक्षण:
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 25 जून से 26 जुलाई तक तक घर-घर सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। वहीं ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अगस्त 2025 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक निर्धारित की गई है। वहीं अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 सितंबर 2025 को किया जाना है।